
देवरिया। श्रीराम इंटर कॉलेज तेलिया कला परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम का ताला खोलने के मामले में डीआईओएस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया। एडीआईओएस की जांच रिपोर्ट पर डीआईओएस ने यह कार्रवाई की। स्ट्रांग रुम का ताला खोलने की दूसरे परीक्षा केंद्रो पर भी चर्चा होती रही।
मईल थाना क्षेत्र के तेलिया कला स्थित श्रीराम इंटर कॉलेज को इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है। सोमवार को बोर्ड की कोई परीक्षा नहीं थी, जिससे स्कूल बंद था। इसके बावजूद केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बिना स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी के ही स्ट्रांग रूम का ताला खोल कर कुछ कागजात व पत्रावली निकालने लगे। बोर्ड आफिस प्रयागराज में बने कंट्रोल रूम ने स्ट्रांग रूम का ताला खुला देख इसके बारे में जिला मुख्यालय के कंट्रोल रुम से जानकारी मांगी। यहां किसी को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। जिला मुख्यालय के कंट्रोल रुम ने भी देखा तो कुछ लोग स्ट्रांग रुम में खड़े थे। इसकी सूचना मिलते ही डीआईओएस और एडीआईओएस परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। अधिकारियों ने तीन घंटे से अधिक समय तक पेपरों का मिलान कराने के बाद केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक का बयान दर्ज किया। मामले की जांच प्रभारी एडीआईओएस महेन्द्र प्रसाद ने किया। उनकी जांच रिपोर्ट पर डीआईओएस ने श्रीराम इंटर कॉलेज तेलिया कला के केन्द्र व्यवस्थापक सुभाष प्रसाद सिंह और अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक राममिलन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से परीक्षा कार्य से हटा दिया गया। उनके स्थान पर राजकीय हाई स्कूल लपकनी गंगा के प्रधानाध्यापक जय प्रकाश यादव को केन्द्र व्यवस्थापक और बाबा इन्द्र मणि जनता उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय टीकर के सहायक अध्यापक पुष्पेन्द्र कुमार दूबे को अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक बनाया गया है। दोनों लोगों ने मंगलवार की सुबह की पाली में कार्यभार संभालते हाई स्कूल की गणित की परीक्षा को शांति पूर्वक सम्पन कराया।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट को हटाने के लिए भी डीएम को भेजा पत्र
डीआईओएस वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भी हटाने के लिए डीएम को पत्र भेजा है। उन्होंने पत्र में संजय कुमार को हटा कर दूसरे स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाने की मांग किया है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने सुबह की पाली में हाई स्कूल की गणित की परीक्षा कराया।
…………
श्रीराम इंटर कालेज तेलिया कला के स्ट्रांग रुम का ताला खोलने के मामले में केन्द्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर दूसरे को तैनात किया गया है। वहीं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को हटाने के लिए पत्राचार किया गया है।
वीरेंद्र प्रताप सिंह, डीआइओएस, देवरिया।




