
बघौचघाट।
काफी दिनों से गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे पशु तस्कर और ग्राम प्रधान अनवर को बघौघाट पुलिस ने बुधवार को दबोच लिया। गुरुवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंचनपुर निवासी वर्तमान ग्राम प्रधान अनवर शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। आरोप है कि वह बड़े पैमाने पर गिरोह बनाकर पशुओं की तस्करी किया करता है। वर्ष भर पहले बघौचघाट पुलिस ने उसे पशु तस्करी के दौरान पकड़ा था। मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की। बाद में उसके खिलाफ बघौचघाट थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। तभी से अनवर फरार चल रहा था। बुधवार की शाम को बघौचघाट थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
इसी बीच मुखबीर ने सूचना दिया कि आरोपी देवरिया धूस के करीब मछली मंडी पर दिखाई दिया है। सूचना पाकर एसओ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागना शुरू कर दिया लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। गुरुवार को पुलिस ने अनवर के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ समेत हेड कांस्टेबल इंदल यादव, फखरुद्दीन रामनयन, रुपेश यादव, राजवेंद्र सिंह, मो साजिद, सुभाष यादव व अजीत चौधरी शामिल थे।
आरोपी पर दर्ज हैं तीन गैंगस्टर मुकदमें
कंचनपुर निवासी पशु तस्कर अनवर के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य तीन गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से दो मुकदमा तरकुलवा व एक बघौचघाट थाने में दर्ज है। कई मामलों में फरार चल रहे अनवर के खिलाफ पूर्व में न्यायालय के निर्देश पर कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है।




