देवरिया।
बारिश के साथ मौसम का मिजाज शुक्रवार की देर शाम बिगड़ गया। इससे पूर्व दिन भर कोहरे का प्रकोप छाया रहा। बारिश के साथ बर्फीली हवाओं ने सुबह-शाम की गलन भरी ठंड में इजाफा कर दिया है। ठंड के बढ़ते प्रकोप के चलते पशु, पक्षी बेहाल हो गये हैं।
एक सप्ताह पहले शुरू हुआ ठंड अब अपना कहर बरपाने लगा है। दिसंबर के अखिरी सप्ताह से शुरू हुआ ठंड जनवरी के पहले सप्ताह से अपने चरम पर पहुंचने लगा है। इस सप्ताह तीन दिन धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली थी, लेकिन गुरूवार को आधी रात के बाद बर्फीली हवाओं तथा घने कोहरे ने ठंड में बढ़ोतरी कर दिया। सुबह चारो तरफ घना कोहरा छाने तथा ठंडी पछुआ हवाओं के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। ठंड बढ़ने से सुबह टहलने वाले लोग भी विलंब से घरों से निकले। वहीं अधिकांश लोग देर तक घरों में दुबके रहे तथा अलाव, हीटर पर शरीर का गर्म कर ठंड से राहत पाने में लगे रहे। कोहरे का प्रकोप सुबह अधिक होने से चंद मीटर दूर भी दिखना मुश्किल हो गया था। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गयी तथा दिन भर उन्हे लाईट जलाकर सड़कों पर चलना पड़ा। शाम होते-होते आसमान में बदली छा गई। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश होते ही लोग घरों में दुबक गए।




